सुशीला इन्द्रदेव शर्मा विद्या संस्थान बिहार के समस्तीपुर नगर से 10 किलोमीटर दक्षिण इल्मासनगर ग्राम के शान्तिपूर्ण हरित वातावरण में संचालित एक पूर्णतया कल्याणार्थ सह–शिक्षा संस्थान है।
आपकी बहुमूल्य सहायता के साथ हमारा सामूहिक प्रयत्न आर्थिक रूप से असक्षम विद्यार्थियों के लिए गुणात्मक तथा नीतिपरक शिक्षा की सम्भावनाओं को मूर्तरूप प्रदान करेगा तथा उन्हें एक शिक्षित, स्वाबलम्बी तथा सहयोगी नागरिक बनाएगा। आपकी सहायता से हम दीर्घ अवधि तक अधिकाधिक विद्यार्थियों की सहायता सुनिश्चित कर पाएँगे। विद्या संस्थान की मातृसंस्था श्री रास बिहारी मिशन के सहायतार्थ दी गई धनराशि पर आयकर में 50% की छूट का प्रावधान है।
हम आपकी भावनाओं का सम्मान करते हैं तथा यह मानते हैं हमारे सम्मानित सहयोगियों के बिना हम कोई भी वृहत्तर लक्ष्य प्राप्त नहीं कर सकते।
हम आपकी निजता का भी पूर्णतः ध्यान रखते हैं तथा आपकी निजता की सुरक्षा के प्रति आपको आश्वस्त करते हैं।
हम आपके तथा आपके अमूल्य सहयोग के प्रति पूर्ण ईमानदार, विनम्र तथा उत्तरदायी हैं।
हम आपको विद्या संस्थान का भ्रमण करने तथा विद्यार्थियों से मिलने हेतु आमंत्रित करते हैं ताकि आप सन्तुष्ट हो सकें कि आपके सहयोग का किस तरह उपयोग हो रहा है।
हमारा निवेदन है कि हमारे इस प्रयत्न को अधिक सुदृढ़, स्थायी तथा रचनात्मक बनाने हेतु आप समय–समय पर अपने बहुमूल्य सुझावों से हमें अवगत कराएँ।
यदि हमारी किसी व्यवस्था अथवा प्रक्रिया के सम्बन्ध में आपका कोई प्रश्न है तो हम आपके साथ सम्वाद हेतु सदैव तत्पर हैं। कृपया हमारे ईमेल अथवा फोन के माध्यम से हमसे सम्पर्क करें।
अपने समय, अनुभव तथा अभिरुचि के साथ विद्या संस्थान की स्वैच्छिक–सहायता करते हुए आप हमारे समूह का सक्रिय हिस्सा बन सकते हैं, जो विद्यार्थियों के जीवन में सकारात्मक अन्तर लाने हेतु निरन्तर प्रयत्नशील है। यह सेवा के साथ–साथ एक रचनात्मक अवसर भी है, जो न केवल अन्तर्विषयक कौशल को विकसित करता है बल्कि समान विचारधारा वाले व्यक्तियों के साथ काम करने का अनुभव भी देता है। हम स्वयंसेवकों की सेवाभावना तथा समर्पण पर गर्व करते हैं, जो आशा, शक्ति तथा सन्तुष्टि के साथ विद्यार्थियों के ज्ञान को समृद्ध करने के हमारे लक्ष्य को पूरा करने हेतु निःस्वार्थ परिश्रम करते हैं।