हमारे बारे में

महात्मा गाँधी के विचार–दर्शन पर स्थापित सुशीला इन्द्रदेव शर्मा विद्या संस्थान श्री रास बिहारी मिशन द्वारा सीबीएसई पाठ्यक्रमानुसार संचालित कल्याणार्थ विद्यालय है।

इस विद्या संस्थान की स्थापना डॉ. सुजाता चौधरी द्वारा अपने पूज्य पिताजी श्री इन्द्रदेव शर्मा एवं माताजी श्रीमती सुशीला शर्मा को समर्पित करते हुए की गई है। श्री इन्द्रदेव शर्मा जी एक प्रखर शिक्षाविद् थे। वे आजीवन विद्यार्थियों के प्रति आत्मीयता तथा स्नेह से भरे रहे तथा उनके सर्वांगीण विकास हेतु निरन्तर प्रयासरत रहे। वे शिक्षा को केवल ज्ञान का माध्यम नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण और समाज सेवा का साधन मानते थे। श्रीमती सुशीला शर्मा एक धर्मनिष्ठ, करुणामयी तथा जागरूक महिला हैं, जिन्होंने अपने पति के साथ मिलकर सामाजिक एवं नैतिक मूल्यों को जीवन में पूर्णतः आत्मसात किया तथा अगली पीढ़ी को भी उन्हीं आदर्शों की प्रेरणा दी। श्री इन्द्रदेव शर्मा जी न केवल आध्यात्मिक चेतना से ओतप्रोत थे, बल्कि श्री चैतन्य महाप्रभु, स्वामी विवेकानन्द, महात्मा गाँधी, आचार्य विनोबा भावे तथा अन्य महापुरुषों के जीवन–मूल्यों से भी गहराई से प्रभावित थे। उनकी जीवनशैली में ईश्वरभक्ति तथा मानवसेवा का सुन्दर समन्वय था। वे निःस्वार्थ भाव से समाज के उत्थान हेतु निरन्तर सक्रिय रहे। सुशीला इन्द्रदेव शर्मा विद्या संस्थान उन्हीं जीवन मूल्यों, सम्वेदनाओं तथा आदर्शों की साकार अभिव्यक्ति है—एक ऐसा केन्द्र, जहाँ शिक्षा के साथ–साथ संस्कार, सेवा तथा आत्मनिर्भरता को भी समान महत्व दिया जाता है।

डॉ. सुजाता चौधरी वरिष्ठ हिन्दी साहित्यकार तथा बच्चों की शिक्षा एवं स्त्रियों के सशक्तिकरण में संलग्न साधारण जीवनशैली वाली एक समर्पित सामाजिक कार्यकर्त्ता हैं। महात्मा गाँधी के जीवन तथा कार्यों पर कई महत्वपूर्ण पुस्तकें लिख चुकी डॉ. सुजाता भारत के स्वतंत्रता संग्राम की वैचारिक विरासत को आगे बढ़ाने वाले कई संगठनों की नेतृत्वकारी भूमिका में हैं। गाँधीजी के न्यासिता के विचार–दर्शन से प्रेरित होकर उन्होंने श्री रास बिहारी मिशन तथा बा–बापू सेवा ट्रस्ट जैसी सेवाभावी संस्थाओं के माध्यम से अन्तिम जन की सेवा का संकल्प लिया है तथा भगवद्भक्ति के साथ सेवामार्ग पर निरन्तर चल रही हैं।

सुशीला इन्द्रदेव शर्मा विद्या संस्थान का संचालन कल्याणार्थ न्यास श्री रास बिहारी मिशन, भागलपुर द्वारा किया जाता है। मिशन द्वारा इसकी शिक्षा–योजना के अन्तर्गत इस विद्या संस्थान के अतिरिक्त लक्ष्मी राम नारायण विद्या संस्थान, भागलपुर तथा महात्मा गाँधी विद्या संस्थान, बांका का भी संचालन किया जाता है।